नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को सुबह 8:00 से 9:00 बजे तक “एक दिन–एक घंटा–एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इसकी जानकारी बुधवार को एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने दी।
कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इस अभियान की तैयारियों के लिए एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागाध्यक्ष शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि श्रमदान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 56 कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक 14 सैनिटेशन सर्कल में एक-एक नोडल अधिकारी और उनके अधीन 3-3 उप नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि परिषद का प्रत्येक कर्मचारी सुबह 8 से 9 बजे तक इस श्रमदान कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले।
चहल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कर्मचारी पूरे जिम्मेदारी के साथ इस अभियान का हिस्सा बने, क्योंकि कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ही इस श्रमदान कार्यक्रम की सफलता की कुंजी है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केवल मैनुअल श्रमदान ही नहीं, बल्कि एनडीएमसी की आधुनिक मशीनें जैसे – मैकेनिकल रोड स्वीपर, प्रेशर जेटिंग मशीनें, स्क्रबिंग मशीनें आदि का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे यह अभियान और अधिक प्रभावी एवं परिणामदायक बन सके।
चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “स्वच्छ भारत मिशन” की शुरुआत एनडीएमसी क्षेत्र स्थित मंदिर मार्ग से की थी, जो परिषद के लिए गर्व का विषय है। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए कल का यह श्रमदान कार्यक्रम पूरे उत्साह और भव्यता से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि एनडीएमसी पहले से ही अपने क्षेत्रों में नाइट वेट क्लीनिंग और नाइट स्वीपिंग जैसी विशेष पहल की है। इसका उद्देश्य है कि नागरिकों को सुबह के समय स्वच्छ, धूल-मुक्त और सुखद वातावरण उपलब्ध हो सके।
