बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची आज प्रकाशित की जाएगी। राज्य में विधानसभा चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर होंगे। चुनाव आयोग इसे ऑनलाइन जारी करेगा और आज दोपहर तक यह उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची की भौतिक प्रतियाँ सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों-सह-जिलाधिपतियों को उपलब्ध कराई जाएँगी। अंतिम मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद, इस वर्ष 1 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया गया था। इसमें 7.24 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल थे, जिन्होंने अपने गणना प्रपत्र जमा किए थे।
2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार में मतदाताओं की संख्या 7.89 करोड़ थी। एसआईआर अभियान के दौरान, लगभग 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, जो मृत थे, कहीं और चले गए थे, या डुप्लिकेट सूची में थे।
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान, 16.59 लाख पात्र नागरिकों ने मतदाता सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म-6 जमा किया।
चुनाव आयोग के अनुसार, 36,000 से ज़्यादा मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया, जबकि 2.17 लाख मतदाताओं ने नाम हटवाने के लिए आवेदन किया। लगभग तीन लाख मतदाताओं को ज़रूरी दस्तावेज़ जमा न करने पर नोटिस जारी किए गए। अंतिम मतदाता सूची में, एसआईआर के दौरान पहचाने गए मृतक, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
