प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और अन्य पार्टी नेताओं ने आज नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की। 93 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता का आज सुबह नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे भाजपा की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष थे।
विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि वे एक उत्कृष्ट नेता थे और जन मुद्दों की गहरी समझ रखते थे। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में भाजपा को मज़बूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान को भी याद किया। श्री मोदी ने विजय कुमार मल्होत्रा के परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
इस दौरान, श्री नड्डा ने याद किया कि विजय कुमार मल्होत्रा अपनी सादगी, ईमानदारी और अटूट निष्ठा के लिए जाने जाते थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने न केवल दिल्ली में संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि समर्पण के साथ असंख्य कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और विकास भी किया।
