नई दिल्ली। श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च में हुए कथित यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपित चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ एक और अहम सुराग मिला है। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की जांच के दौरान एक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को उसके पिता के मोबाइल नंबर पर धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया था। पुलिस की जांच में यह नंबर उत्तराखंड के जिला बागेश्वर निवासी हरि सिंह (38) का निकला। इसके बाद पुलिस टीम उसे उसके घर से हिरासत में लेकर दिल्ली लाई।
पुलिस पूछताछ में हरि सिंह ने बताया कि वह छोटा-मोटा काम करके अपना जीवनयापन चलाता है। वह पिछले साल अपने एक परिचित के साथ दिल्ली आया था। जहां उसकी मुलाकात आरोपित चैतन्यानंद से हुई थी। उसी समय से उसके संपर्क में था। आगे पूछताछ में हरि सिंह ने आगे बताया कि चैतन्यानंद के कहने पर ही उसने 14 सितंबर को पीड़िता के पिता को फोन कर शिकायत वापस लेने की धमकी दी थी। पुलिस अधिकारी के अनुसार पुलिस ने धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। वहीं सोमवार को पुलिस आरोपित को लेकर उसके ऑफिस गई। आरोपित के दफ्तर और उसके रहने वाले कमरे की तलाशी ली। तलाशी का उद्देश्य वहां से आपत्तिजनक या केस से संबंधित सबूत जुटाना था।
