मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में चुनाव आयोग की पूरी टीम आज अपने बिहार दौरे के दूसरे और अंतिम दिन पटना में विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों, पुलिस विभाग और केंद्रीय बलों के नोडल अधिकारियों से मुलाकात करेगी। यह टीम आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर है। आज बाद में, आयोग राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा भी करेगा।
दो दिवसीय समीक्षा के परिणामों की जानकारी देने के लिए आज दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है। कल अपने दौरे के पहले दिन, आयोग ने पटना में सभी 38 जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ लंबी बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और मतदाताओं में विश्वास बहाली के उपाय लागू करने के भी निर्देश दिए।
सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और गलत सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने पर ज़ोर दिया गया। इससे पहले, आयोग ने 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। भाजपा, जदयू और राजद ने दो या उससे कम चरणों में मतदान कराने का अनुरोध किया, जबकि अधिकांश दलों ने छठ पूजा के बाद, अधिमानतः नवंबर के पहले सप्ताह में, मतदान कराने का आग्रह किया।
