नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश के नवनिर्मित कार्यालय भवन के निर्माण में योगदान देने वाले सभी श्रमिकों के सम्मान में शनिवार को ‘श्रमिक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अध्यक्षता में आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने सभी श्रमिकों प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी श्रमिकों का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं हम सभी भाजपा परिवार के कार्यकर्ताओं ने इस भवन के निर्माण में अपनी तपस्या, परिश्रम और समर्पण से योगदान देने वाले श्रमिक भाइयों का सम्मान कर उनके प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। यह वही भावना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति में एक आदर्श संस्कार के रूप में स्थापित किया है कि राष्ट्र के विकास का सच्चा श्रेय उस श्रम को है, जो तप और समर्पण से संनादित है। चाहे वह संगठन का कार्यालय हो या राष्ट्र की प्रगति का भवन, उसकी नींव में श्रमिकों का परिश्रम ही सबसे बड़ी शक्ति है। आज भाजपा कार्यालय का यह भव्य और दिव्य स्वरूप हमारे श्रमिक भाइयों के तप, त्याग और अटूट समर्पण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि परिश्रम और तपस्या के प्रति सम्मान ही हमारी राजनीति और संगठन की प्राण-धारा है।
‘श्रमिक सम्मान समारोह’ में दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद कमलजीत सहरावत, भवन निर्माण समिति के सदस्य योगेंद्र चंदोलिया, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग एवं सुमन कुमार गुप्ता के साथ कार्यालय मंत्री ब्रजेश राय एव अमित गुप्ता भी उपस्थित रहे।
