सुकमा, 7 अक्टूबर । जिले के कोंटा ब्लॉक मुख्यालय में चल रहे पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां कक्षा सातवीं के छात्र माड़वी महादेव ने बैटरी में उपयोग होने वाला कैमिकलयुक्त पानी पी लिया। इसके बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई ।
छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे कोंटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे आज मंगलवार काे जिला अस्पताल रेफर कर दिया । छात्र की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद छात्रावास अधीक्षक और स्टाफ की भूमिका पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, पालकों में भी आक्रोश है।
कोंटा बीईओ पी. श्रीनिवास राव ने बताया कि, सुबह छात्र ने पानी समझकर बैटरी का पानी पी लिया। इलाज के बाद बच्चा खतरे से बाहर है।
