अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स, नई दिल्ली ने पहली रोबोट सहायता प्राप्त किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, रीनल ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. वीरेंद्र कुमार बंसल ने बताया कि, “एम्स देश का पहला सरकारी संस्थान है जिसने इस तरह की सर्जरी की है। उन्होंने बताया कि इस तरह की पहली सर्जरी पिछले महीने की 3 तारीख को की गई थी और अब तक पाँच मरीज़ इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।”
पारंपरिक पद्धति की तुलना में इस तकनीक के लाभ के बारे में बात करते हुए, डॉ. बंसल ने बताया कि ओपन सर्जरी की तुलना में मरीज़ों की रिकवरी दर तेज़ होती है और मरीज़ों को एक हफ़्ते में छुट्टी मिल जाती है। उन्होंने इस तकनीक को सुरक्षित बताया। उन्होंने यह भी बताया कि रोबोट-असिस्टेड किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी की सुविधा एम्स में निजी अस्पतालों की तुलना में बहुत कम खर्च में उपलब्ध है।
