अमेरिका ने अर्जेंटीना के मुद्रा संकट को कम करने में मदद के लिए बीस अरब डॉलर की योजना बनाई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली से द्विपक्षीय लंच पर मुलाकात की। यह मुलाकात अमेरिकी सरकार द्वारा अर्जेंटीना की अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए वित्तीय पैकेज की घोषणा के तुरंत बाद हुई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिकी आर्थिक सहायता अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली और उनकी पार्टी के आगामी चुनावों में प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा कि अगर माइली की पार्टी नहीं जीतती है तो अमेरिका अपना समय बर्बाद नहीं करेगा।
अर्जेंटीना में वित्तीय संकट 26 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय मध्यावधि चुनावों से पहले आया है। अर्जेंटीना पर वित्तीय संकट का खतरा मंडरा रहा है। पिछले महीने प्रांतीय चुनावों में राष्ट्रपति माइली की पार्टी की करारी हार के बाद देश की मुद्रा में भारी गिरावट आई। इस हार ने राष्ट्रपति माइली की आर्थिक सुधारों को साकार करने की क्षमता पर निवेशकों के विश्वास को हिला दिया है। 2023 में कार्यभार संभालने के बाद से राष्ट्रपति माइली ने सरकारी खर्च में कटौती की है, नियमों में ढील दी है और सार्वजनिक क्षेत्र के हज़ारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।
