नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात सरकार पर किसानों को दबाने और उनके हक छीनने का गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि वर्तमान सरकार का यह रवैया चुनावी हार का कारण बनेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के पक्ष में आवाज उठाने पर आआपा के दो नेताओं प्रवीण राम और राजू करपड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले भी कई आआपा नेताओं को जेल भेजा जा चुका है।
अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि 1987 के किसान आंदोलन के दमन के कारण कांग्रेस को गुजरात से बाहर का रास्ता दिखाया गया था और अब प्रदेश सरकार की बारी है।
वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि 1985 में गुजरात में कांग्रेस की 182 में से 149 सीट आई थीं। इससे कांग्रेस को अहंकार हो गया। इसके बाद 1987 में किसान आंदोलन हुआ। कांग्रेस ने उसका दमन किया और गुजरात के लोगों ने 149 सीट वाली कांग्रेस को अगले चुनाव में उखाड़ फेंका।
उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल से गुजरात सरकार को भी अहंकार हो गया। जिस तरह से उन्होंने किसानों का दमन शुरू किया है, गुजरात के लोग अगले चुनाव में सरकार को हटा देंगे।
केजरीवाल ने वीडियो में गुजरात के किसानों की बदहाली पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि किसान पिछले कई दिनों से कपास का उचित मूल्य और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज दबाने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि गुजरात के किसान बहुत दुखी हैं और अपना हक मांग रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों को दबाने और उनका हक मारने का काम कर रही है।
