नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली सरकार के दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 वित्तपोषित कॉलेजों को 108 करोड़ रुपये के वित्तीय सहयोग देने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का यह निर्णय दिल्ली के उच्च शिक्षण संस्थानों की अकादमिक स्थिति के सुदृढ़ीकरण की दिशा में सार्थक कदम है।
अभाविप दिल्ली के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने गुरुवार को सरकार का आभार व्यक्त करते हुए ने कहा कि दिल्ली सरकार का यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही वित्तीय समस्याओं को दूर करने की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे अध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों तीनों को ही लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभाविप आशा करती है कि सरकार आगे भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे ठोस कदम उठाती रहेगी, ताकि दिल्ली शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत कर सके।
सार्थक शर्मा ने कहा कि अभाविप का मानना है कि यह निर्णय दिल्ली के उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल है। इस निर्णय से दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 वित्तपोषित कॉलेजों की अकादमिक स्थिति में सुधार होगा, वहीं वहां कार्यरत अध्यापक एवं कर्मचारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी एवं इस कदम से इन कॉलेजों की वित्तीय और शैक्षणिक स्थिति दोनों ही सुदृढ़ होंगी।
