रायपुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा से जॉय ढोलकिया के पक्ष में प्रचार करने के लिए शुक्रवार को रवाना हुए। रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित 40 भाजपा नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसी कड़ी में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज नुआपाड़ा पहुंचकर भाजपा उम्मीदवार जॉय ढोलकिया के समर्थन में प्रचार करेंगे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है, वहां भाजपा की ही जीत होगी।
दिल्ली में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बैठक को गुरु खुशवंत साहेब ने दिखावा बताया। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संगठन सृजन महज दिखावा है। सब कुछ पहले से सेट है, कांग्रेस में परिवारवाद ही चलता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मूर्ख बना रही है, वह कभी भी कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं करती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विकास के रास्ते पर आने का आह्वान किया।
