नई दिल्ली। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि राजधानी के ट्रैफिक को सुचारू और सिग्नल-फ्री बनाने की दिशा में हमारी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग अब मुनक नहर एलिवेटेड रोड को इंदरलोक से आईएसबीटी कश्मीरी गेट तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि इस विस्तार के तहत लगभग 4 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जाएगी, जो सीधे इंदरलोक को कश्मीरी गेट से जोड़ेगी। इससे दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से सेंट्रल दिल्ली तक आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। मुकर्बा चौक, आजादपुर और रोशनारा रोड जैसे जाम वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव घटेगा और यात्रा समय में लगभग 40 फीसद तक कमी आएगी।
