नई दिल्ली, 7 नवंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को छतरपुर स्थित कात्यायनी शक्ति पीठ में आयोजित सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा 2025 में सम्मिलित हुई। इस यात्रा को “श्री बागेश्वर बालाजी का श्री बांके बिहारी से मिलन” नाम दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट पर इसे साझा करते हुए कहा कि श्री बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा प्रारंभ यह दिव्य पदयात्रा छतरपुर स्थित प्रसिद्ध कात्यायनी शक्ति पीठ मंदिर से आरंभ होकर वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचेगी। यह यात्रा सनातन संस्कृति की आत्मा को पुनः जाग्रत करते हुए पूरे देश में एकता, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि इस आध्यात्मिक यात्रा के माध्यम से हमारे आस्था और एकत्व के संस्कार पुनः पुष्ट हो रहे हैं। इसमें शामिल होना एक अत्यंत अलौकिक और भावनात्मक अनुभव रहा।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा 2025 छतरपुर से आरंभ होकर हरियाणा के विभिन्न शहरों, गांवों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। 10 दिन की यह पदयात्रा 16 नवंबर को वृंदावन में संपन्न होगी।
