नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने एनएसयूआई मुख्यालय से चुनाव आयोग (ईसीआई) तक मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन राहुल गांधी की “एच-फाइल्स” में किए गए खुलासों के बाद आयोजित किया गया। इस बीच दिल्ली पुलिस ने मार्च को रास्ते में ही रोक दिया।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी की एच-फाइल्स ने एक सच उजागर किया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने “वोट चोरी” से जुड़ी चिंताओं को राष्ट्र के समक्ष रखा है, जिससे निर्वाचन पारदर्शिता पर चर्चा शुरू हुई।चुनाव आयोग, जिसे लोकतंत्र का संरक्षक होना चाहिए, हरियाणा में वोट चोरी का माध्यम बन गया। किसी भी राज्य में 25 लाख फर्जी मतदाताओं का पाया जाना एक सुनियोजित षड्यंत्र है।
वरुण चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारियों ने हरियाणा में मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की, जिसमें 25 लाख से अधिक फर्जी और दोहराए गए मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि इस हेराफेरी का सीधा प्रभाव हरियाणा विधानसभा चुनावों पर पड़ा, जहां कांग्रेस मात्र 22 हजार मतों से पराजित हुई।
उन्होंने कहा कि भारत का जेन-जेड युवा तब चुप नहीं बैठ सकता जब लोकतंत्र की रक्षा करने वाली संस्थाएं ही समझौता कर लें। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष जारी रहेगा ताकि हर वास्तविक मत की शक्ति बनी रहे और कोई भी फर्जी मत भविष्य का निर्णय न करे।
