नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व और आठ महीनों में किए गए उनके कार्यों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी 12 सीटों पर विजय हासिल करेगी। उन्होंने यह बात मुंडका वार्ड 35 के भाजपा उम्मीदवार जयपाल सिंह दराल के रोड शो के दौरान कही।
मंत्री सिरसा ने सोमवार को कंझावला में जयपाल सिंह दराल के नामांकन के अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों की अव्यवस्थाओं और कमियों को दूर करने का कार्य भाजपा निरंतर कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर भाजपा के विकास और पारदर्शिता के संकल्प पर भरोसा जताएगी।
सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के विकास और सुशासन पर मुंडका की जनता अपना अटूट विश्वास व्यक्त करने जा रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का यह भरोसा और समर्थन दराल को भारी मतों से विजयी बनाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी सरकार निरंतर काम करती रहेगी।
