सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 26 नवंबर से शुरू होने जा रही है और इस बार केरल टीम की कमान संजू सैमसन संभालेंगे। हाल ही में आईपीएल ट्रेड के चलते चर्चा में रहे संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ चुके हैं। आईपीएल ऑक्शन से पहले वह घरेलू टी20 टूर्नामेंट में अपने राज्य का नेतृत्व करते नजर आएंगे।
केरल के स्क्वाड में संजू सैमसन के भाई सैली सैमसन को भी जगह मिली है। दोनों भाई पहले भी केरल क्रिकेट लीग में एक साथ खेल चुके हैं, जहां सैली सैमसन ने दूसरे सीजन में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की कप्तानी की थी। इस बार भी दोनों एक साथ मैदान पर उतरेंगे, जिससे टीम के लिए यह संयोजन खास रहेगा।
सैमसन भाइयों के अलावा केरल टीम में अहमद इमरान को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले विग्नेश पुथुर और विष्णु विनोद भी टीम का हिस्सा हैं। KCL के पिछले दोनों सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अखिल स्कारिया को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है, हालांकि अनुभवी सचिन बेबी इस बार जगह बनाने में सफल नहीं हो पाए।
केरल को ग्रुप A में चंडीगढ़, ओडिशा, विदर्भ, रेलवे, आंध्र प्रदेश और मुंबई के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 26 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ खेलेगी और सभी मैच लखनऊ में होंगे। कुछ खिलाड़ी 23 नवंबर को ही लखनऊ रवाना हो जाएंगे, जबकि बाकी खिलाड़ी इंदौर से टीम में जुड़ेंगे, जहां उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ रणजी मैच खेला था।
पिछले सीजन में केरल टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। इस बार कप्तान संजू सैमसन की निगरानी में टीम बेहतर प्रदर्शन करने और टूर्नामेंट में नई शुरुआत करने की उम्मीद कर रही है।
केरल का स्क्वाड:
संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रोहन कुन्नुम्मल, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अहमद इमरान (उपकप्तान), विष्णु विनोद (विकेटकीपर), कृष्णा दीवान, अब्दुल बाजिथ, सैली सैमसन, सलमान निजार, कृष्णा प्रसाद, सिबिन पी गिरीश, अंकित शर्मा, अखिल स्कारिया, बीजू नारायणन, आसिफ केएम, एमडी निधिश, विग्नेश पुथुर, शराफुद्दीन एनएम
