नई दिल्ली, 26 नवंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-ब्लॉक में वार्ड–65, अशोक विहार से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी वीना असीजा के समर्थन में आयोजित स्वाभिमान सभा को संबोधित की। उन्होंने क्षेत्र की प्रगति को और मजबूत करने के लिए जनता से वीना असीजा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
भाजपा प्रत्याशी वीना असीजा के समर्थन में आयोजित स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले की सरकारों ने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को विकास के नाम पर लगातार निराश किया है। न मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हुई, न स्वास्थ्य, न स्वच्छता, न ही सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज स्थिति तेजी से बदल रही है। झुग्गी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के सर्वांगीण विकास के लिए दिल्ली सरकार ने विशेष फंड जारी किया है। इसी के माध्यम से आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अटल कैंटीन, स्वच्छता व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट्स और अन्य आवश्यक सुविधाओं के कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक पूनम शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
