20 दिसंबर । पुरुष क्रिकेट में, भारत ने कल रात अहमदाबाद में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराकर श्रृंखला 3-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारत ने 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 73 रन और हार्दिक पांड्या ने 63 रन बनाकर बहुमूल्य योगदान दिया। हार्दिक ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय बन गए। दक्षिण अफ्रीका के लिए, कॉर्बिन बॉश ने दो विकेट लिए, जबकि ओटनेल बार्टमैन और जॉर्ज लिंडे ने एक-एक विकेट लिया
232 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, मेहमान टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना पाई। प्रोटियाज की ओर से क्विंटन डी कॉक ने 65 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मेजबान टीम की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट लिए।
हार्दिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वरुण को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला।
इस सप्ताह की शुरुआत में लखनऊ में घने कोहरे के कारण चौथा टी20 मैच रद्द कर दिया गया था।
