25 दिसंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि संसद खेल महोत्सव देश को हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदान कर रहा है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संसद खेल महोत्सव को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि संसद खेल महोत्सव का दायरा और प्रभाव दोनों ही काफी बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव युवा विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मंत्र का एक मजबूत स्तंभ बन रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हार-जीत से परे, खेल भावना और निष्पक्ष खेल की भावना जो खिलाड़ी इन खेलों के माध्यम से सीखते हैं, सक्षम और अनुशासित युवाओं के विकास में योगदान देती है। उन्होंने कहा कि ये सक्षम और अनुशासित युवा ही राष्ट्र का भविष्य बनाते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि 2030 में जब भारत अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा, तब पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर होंगी। उन्होंने कहा कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का अवसर पाने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उस समय भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी आज 10 से 12 वर्ष की आयु वर्ग में हैं। श्री मोदी ने कहा कि अभी से ही उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लाने की आवश्यकता है, और संसद खेल महोत्सव इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रधानमंत्री ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें खेलने के अवसर प्रदान करें, क्योंकि खेल केवल शिक्षा का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए भी आवश्यक है।
