नए साल 2026 के आगमन में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं और देश–विदेश में जश्न का माहौल बन चुका है। लोग पूरे उत्साह के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारियों में जुटे हैं। इस खास दिन लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने जाते हैं, एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं और मिलकर नए साल का स्वागत करते हैं।
अधिकतर घरों में न्यू ईयर पर छोटी-छोटी पार्टियां और गेट-टुगेदर रखी जाती हैं, जहां सभी लोग साथ बैठकर स्वादिष्ट खाना खाते हैं और जश्न मनाते हैं। अगर आप भी न्यू ईयर के दिन घर पर पार्टी रखने की योजना बना रहे हैं, तो मेन्यू को लेकर परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। हम आपको कुछ ऐसी खास डिशेज की रेसिपी बता रहे हैं, जो आपकी पार्टी में चार चांद लगा देंगी।
दाल मखनी बनाने के लिए रात भर भीगी हुई काली दाल को कुकर में 4 सीटी लगाकर अच्छी तरह गला लें। एक पैन में मक्खन गर्म करें और उसमें बारीक कटा प्याज व अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब टमाटर पेस्ट और नमक, मिर्च, हल्दी, धनिया व जीरा जैसे मसाले डालकर तेल छोड़ने तक पकाएं। इसमें उबली हुई दाल और एक गिलास दूध मिलाएं और धीमी आंच पर 15 मिनट तक पकने दें। अंत में गरम मसाला, हरी धनिया डालें और ऊपर से क्रीम से सजाएं।
इसके साथ परोसने के लिए नान बनाने के लिए मैदे को दही और पानी की मदद से गूंथ लें और आधे घंटे के लिए ढककर रख दें। लोई बेलकर एक तरफ पानी लगाएं और तवे पर चिपकाकर सेक लें। ऊपर से मक्खन लगाकर गरमा-गरम दाल मखनी के साथ परोसें।
न्यू ईयर पार्टी के लिए चीज बॉल्स भी एक बेहतरीन स्नैक हैं। उबले आलू मैश करें और उसमें कद्दूकस की हुई चीज, काली मिर्च पाउडर और कॉर्नफ्लोर मिलाएं। मिश्रण से छोटी-छोटी बॉल्स बनाएं और गर्म तेल में सुनहरा होने तक तल लें। इन्हें पुदीने की चटनी या केचप के साथ सर्व करें।
चिल्ली पोटैटो पार्टी का एक और फेवरेट आइटम है। आलू को फिंगर्स की शेप में काटकर कॉर्नफ्लोर लगाएं और डीप फ्राई कर लें। एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और लहसुन, अदरक, प्याज व शिमला मिर्च को तेज आंच पर भूनें। इसमें सोया सॉस और टोमैटो केचप डालें, थोड़ा पानी मिलाएं और फिर तले हुए आलू डालकर अच्छे से मिला लें। स्वादिष्ट चिल्ली पोटैटो तैयार है।
सर्दियों में गाजर का हलवा मिल जाए तो त्योहार और भी खास हो जाता है। कद्दूकस की हुई गाजर को घी में 20–25 मिनट तक भूनें। फिर दूध या खोया और चीनी डालकर धीमी आंच पर पकाएं। अंत में इलायची पाउडर, ड्राई फ्रूट्स और थोड़ा घी डालें। जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे और ऊपर घी दिखे, तो समझ लें कि हलवा तैयार है।
अगर पार्टी में बटर चिकन हो, तो मेहमानों का दिल जीतना तय है। चिकन को टमाटर प्यूरी, दही, मसाले और क्रीम के साथ मैरिनेट करें। पैन में बटर डालकर चिकन को पकाएं। फिर काजू पेस्ट, टमाटर प्यूरी और बटर डालकर ग्रेवी तैयार करें। थोड़ी देर पकाने के बाद कसूरी मेथी डालें और आंच से उतार लें। स्वादिष्ट बटर चिकन तैयार है।
