रायपुर, 02 जनवरी । इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा ISEI एक्सीलेंस प्रोग्राम 2025 का आयोजन 10 जनवरी को होगा। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे से होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, सेफ्टी प्रोफेशनल्स तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ सत्र, तकनीकी प्रस्तुतियां, विचार-विमर्श एवं ISEI एक्सीलेंस अवॉर्ड्स का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह पहल सुरक्षित कार्य संस्कृति, हरित पर्यावरण संरक्षण और दुर्घटना रोकथाम को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
संस्था के सह-निदेशक डॉ. एम. एस. नवाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने तथा आपदा जोखिम नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को ISEI उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी, अग्नि एवं जीवन सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी, निर्माण स्थल सुरक्षा कर्मी तथा सफाई कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम में संस्था के चेयरमैन डॉ. एस. रामपुरी द्वारा विगत वर्षों में दुर्घटना रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए कार्यों को साझा किया जाएगा। साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित वक्ताओं द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर संवाद और विचार साझा किए जाएंगे।
