24 जनवरी । अमेरिका में, पुलिस ने कल मिनेसोटा के सबसे बड़े हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा आव्रजन नियमों में की गई सख्ती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लगभग 100 पादरियों को गिरफ्तार किया। यह घटना ऐसे समय हुई है जब राज्य भर में हजारों लोग कड़ाके की ठंड में भी ट्रम्प प्रशासन की आव्रजन संबंधी कार्रवाई के खिलाफ सड़कों पर उतर आए।
मेट्रोपॉलिटन एयरपोर्ट्स कमीशन के प्रवक्ता जेफ ली ने बताया कि पादरियों को अतिक्रमण और शांति अधिकारी के आदेश का पालन न करने के आरोप में मामूली अपराध का नोटिस जारी किया गया और बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। ये विरोध प्रदर्शन एक व्यापक आंदोलन का हिस्सा हैं जिसमें श्रमिक संघ, प्रगतिशील संगठन और पादरी मिनिसोटावासियों से काम, स्कूल और यहां तक कि दुकानों से दूर रहने का आग्रह कर रहे हैं।
आयोजकों के मुताबिक, जिस दिन की शुरुआत माइनस 29 डिग्री सेल्सियस के कम तापमान से हुई, उस दिन करीब पचास हजार लोग सड़कों पर उतर आए। आयोजकों और प्रतिभागियों ने बताया कि मिनेसोटा भर में कई व्यवसाय बंद रहे और कर्मचारी सड़क पर विरोध प्रदर्शन और रैलियों में शामिल हुए। ये विरोध प्रदर्शन अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) एजेंटों और राष्ट्रपति ट्रम्प की कार्रवाई का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के बीच हफ्तों से चल रही हिंसक झड़पों के बाद हुए हैं। प्रदर्शनकारी मिनेसोटा छोड़ने की मांग कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में आव्रजन प्रवर्तन अभियान के दौरान आईईसी एजेंट जोनाथन रॉस द्वारा 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रेनी गुड की गोली मारकर हत्या करने के बाद तनाव बढ़ गया है। इस गोलीबारी के बाद मिनियापोलिस क्षेत्र में रोजाना विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने अमेरिकी आव्रजन प्रवर्तन में बार-बार अनावश्यक या अनुपातहीन बल प्रयोग की निंदा की है। श्री तुर्क ने प्रवासियों और शरणार्थियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और अपमान पर गहरा सदमा व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार और हिरासत में लिए गए कई लोगों को समय पर कानूनी सलाह और अपनी हिरासत और निष्कासन के फैसलों को चुनौती देने के प्रभावी साधन नहीं मिल पाते हैं।
उन्होंने अमेरिका से आग्रह किया कि वह यह सुनिश्चित करे कि उसकी प्रवासन नीतियां और प्रवर्तन प्रक्रियाएं मानवीय गरिमा और उचित कानूनी प्रक्रिया के अधिकारों का सम्मान करें। उन्होंने आईसीई की हिरासत में बढ़ती मौतों की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की भी मांग की।
