धमतरी, 24 जनवरी । गणतंत्र दिवस के पावन अवसर को भव्य और गरिमामय रूप देने के लिए गांवों से लेकर शहर तक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। स्कूलों, शासकीय कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में साफ-सफाई के साथ-साथ रंग-रोगन का कार्य लगातार किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगता नजर आ रहा है।
गणतंत्र दिवस के दिन जिन स्थानों पर ध्वजारोहण किया जाता है, वहां विशेष रूप से चबूतरों की मरम्मत और रंग-रोगन किया जा रहा है। इसके साथ ही हाईस्कूल चौक और महावीर चौक जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को भी आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। बीते लगभग एक सप्ताह से सभी स्कूलों और संस्थानों के परिसर में साफ-सफाई अभियान जारी है, जिसके बाद रंग-रोगन का कार्य किया जा रहा है। शासकीय प्राथमिक विद्यालय में साफ-सफाई पूर्ण होने के बाद जय स्तंभ चौक और स्मारक का रंग-रोगन किया गया।
प्राथमिक विद्यालय डाही के बीरबल साहू और हाईस्कूल के प्राचार्य अजीत कुमार ध्रुव ने बताया कि जय स्तंभ चौक और स्मारक का साल में दो बार—गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर—रंग-रोगन किया जाता है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस देश के प्रमुख राष्ट्रीय पर्व हैं, जिन्हें लेकर विशेष तैयारियां की जाती हैं। इसी क्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा अन्य संस्थाओं में साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय पर्व का उत्सव पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा सके।
