अयोध्या, 11 फ़रवरी । फिटनेस, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित राष्ट्रीय मैराथन रन फॉर राम का चौथा संस्करण 22 फरवरी को अधिक व्यापक स्वरूप में किया जाएगा। इस बार गोवा सरकार सिल्वर पार्टनर के रूप में, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरएएनवीपी) ब्रॉन्ज पार्टनर के रूप में कार्यक्रम से जुड़े हैं।
आयोजन समिति के मुताबिक 22 फरवरी को अयोध्या स्थित राम कथा पार्क में यह कार्यक्रम क्रीड़ा भारती की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मार्गदर्शन में होगा। श्रद्धा, शारीरिक सुदृढ़ता और सामाजिक एकता की भावना से प्रेरित यह मैराथन आध्यात्म और खेल अनुशासन का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।
गोवा सरकार का सिल्वर पार्टनर के रूप में जुड़ना राज्य की खेल, युवा सशक्तिकरण और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यह साझेदारी रन फॉर राम को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक विश्वसनीयता प्रदान करेगी तथा फिटनेस व एकता के संदेश को देशभर में मजबूत करेगी।
ब्रॉन्ज पार्टनर के रूप में छत्तीसगढ़ सरकार और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण का जुड़ना राज्य की रामायणकालीन विरासत ‘श्रीराम जी का ननिहाल’ के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करता है। साथ ही नवा रायपुर के आधुनिक और योजनाबद्ध विकास की दृष्टि भी इस आयोजन से जुड़ रही है। इससे मैराथन का सांस्कृतिक विस्तार अयोध्या से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक होगा।
क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि रन फॉर राम एक राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में उभरा है, जो शारीरिक फिटनेस को हमारी सभ्यतागत मूल्यों से जोड़ता है। गोवा और छत्तीसगढ़ सरकार का समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनभागीदारी के माध्यम से एकता, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक जागरण का वातावरण तैयार किया जा सकता है।
‘रन फॉर राम’ में देश-विदेश से 10 हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है। इसमें पेशेवर एथलीट, फिटनेस प्रेमी, परिवार, युवा धावक, वरिष्ठ नागरिक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के ज्ञान साझेदार के रूप में स्ट्री इंडिया स्पोर्ट्स फाउंडेशन भी जुड़ा है, जो महिलाओं की भागीदारी, समावेशन और नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करेगा।
मजबूत संस्थागत सहयोग और बढ़ती राष्ट्रीय भागीदारी के साथ रन फॉर राम 2026 एक बार फिर अयोध्या को आस्था, फिटनेस और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में स्थापित करने के लिए तैयार है।
