वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालयों और सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं की परिसंपत्ति मुद्रीकरण पाइपलाइन के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। पाइपलाइन का दूसरा चरण नीति आयोग द्वारा अवसंरचना संबंधी मंत्रालयों के परामर्श से, केंद्रीय बजट 2025-26 में घोषित ‘परिसंपत्ति मुद्रीकरण योजना 2025-30’ के जनादेश के आधार पर विकसित किया गया है। राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन 2.0 के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 से वित्त वर्ष 2029-30 तक पांच वर्षों की अवधि में केंद्रीय मंत्रालयों और सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं की परिसंपत्ति मुद्रीकरण पाइपलाइन के तहत 5.8 लाख करोड़ रुपये के निजी क्षेत्र के निवेश सहित कुल 16.72 लाख करोड़ रुपये के मुद्रीकरण की क्षमता का अनुमान है
अपने संबोधन में, सुश्री सीतारमण ने राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन 1.0 के कार्यान्वयन में चार वर्षों के लिए निर्धारित छह लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य का लगभग 90 प्रतिशत हासिल करने के लिए सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों तथा नीति आयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनएमपी 2.0 त्वरित अवसंरचना विकास के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के मिशन के अनुरूप है और इसमें भारत की विकास गति को गति देने की क्षमता है। सुश्री सीतारमण ने कहा कि एनएमपी 1.0 बड़े पैमाने पर अपनी तरह की पहली पाइपलाइन थी और संबंधित अधिकारियों द्वारा सीखे गए सर्वोत्तम तरीकों का लाभ एनएमपी 2.0 में उठाया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एनएमपी 1.0 से प्राप्त सीख और अनुभव यह सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगे कि संसाधनों और अवसरों का अधिकतम उपयोग करके समयबद्ध तरीके से परिणाम प्राप्त किए जाएं। वित्त मंत्री ने सभी विभागों से प्रक्रिया सरलीकरण और मानकीकरण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया ताकि मुद्रीकरण एक सुगम प्रक्रिया बन सके। परिसंपत्ति मुद्रीकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि एनएमपी उत्पादक सार्वजनिक परिसंपत्तियों के पुनर्चक्रण को सक्षम बनाता है, जिससे नए परियोजनाओं और पूंजीगत व्यय में पुनर्निवेश के लिए संसाधन उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि यह दृष्टिकोण सार्वजनिक परिसंपत्तियों में पूंजीगत व्यय के लिए धन के कुशल जुटाव को सुगम बनाता है, साथ ही सरकार के बजटीय व्यय को भी कम करता है।
नीति आयोग के सीईओ और अवसंरचना संबंधी मंत्रालयों के सचिवों के साथ-साथ वित्त मंत्रालय, विधि मंत्रालय और मुख्य आर्थिक सलाहकार के सचिवों की उपस्थिति में राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन 2.0 जारी की गई।
