चुनाव आयोग आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन का आयोजन करेगा। यह गोलमेज सम्मेलन 27 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है। पिछला ऐसा सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था
गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे और निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य निर्वाचन आयुक्त अपने कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
गोलमेज सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों के कामकाज में कानूनी ढांचे के भीतर तालमेल को बढ़ावा देना है। उम्मीद है कि विचार-विमर्श रचनात्मक विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करेगा और चुनावी प्रबंधन में सहकारी संघवाद की भावना को सुदृढ़ करेगा।
दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन में चुनावी प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और मतदाता सूचियों को साझा करने पर चर्चा होगी। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख तकनीकी और परिचालन पहलों पर प्रस्तुतियाँ देंगे, जिनमें हाल ही में शुरू किया गया ईसीआईएनईटी डिजिटल प्लेटफॉर्म और चुनावी सेवाओं को सुव्यवस्थित करने में इसकी परिवर्तनकारी क्षमता शामिल है। प्रस्तुतियों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की मजबूती, पारदर्शिता और सुरक्षा उपायों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
