चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था में 8.1 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। यह जानकारी भारतीय स्टेट बैंक द्वारा आज जारी एक शोध रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उच्च-आवृत्ति संकेतक बताते हैं कि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में आर्थिक गतिविधि लचीली बनी रही। इसमें कहा गया है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अर्थव्यवस्था ने मजबूत विकास गति बनाए रखी है
रिपोर्ट में कहा गया है कि कृषि और गैर-कृषि दोनों क्षेत्रों में उत्साहजनक रुझानों के चलते ग्रामीण उपभोग में मजबूती बनी हुई है। इसमें यह भी पाया गया कि राजकोषीय प्रोत्साहन के कारण पिछले त्योहारी सीजन से शहरी उपभोग में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। यह आकलन ऐसे समय में आया है जब भारत अपने जीडीपी का आधार वर्ष 2011-12 से बदलकर 2022-23 करने जा रहा है। जीडीपी की नई श्रृंखला 27 फरवरी 2026 को जारी होने वाली है।
