नई दिल्ली, 11 मार्च । दिल्ली के चिराग दिल्ली इलाके में बुधवार सुबह एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में घर के मालिक और एक मासूम बच्चा झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:44 बजे चिराग दिल्ली स्थित हनुमान रोड पर मकान नंबर 582 में आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। यह आग मकान की ऊपरी मंजिल पर घरेलू सामान में लगी थी। इमारत बेसमेंट सहित चार मंजिला है और पांचवीं मंजिल आंशिक रूप से निर्माणाधीन है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा फ्लोर इसकी चपेट में आ गया।
इस दौरान घर के मालिक, भाजपा के नेता एवं पूर्व पार्षद राकेश गुलिया (55) झुलस गए। वहीं घर में मौजूद तीन साल का बच्चा क्यवांश भी आग की चपेट में आने से हल्का झुलस गया। दोनों को तुरंत इलाज के लिए एम्स ट्रामा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश गुलिया की हालत खतरे से बाहर बताई है। दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग पर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
