दिल्ली विधानसभा ने तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायकों के लिए एआई आधारित चैटबॉट ‘विधान साथी’ लॉन्च किया है। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा देश की पहली ऐसी विधानसभा बन गई है, जिसने इस तरह की तकनीकी सुविधा शुरू की है।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विधायकों को सीमित समय में जटिल कानूनों और नीतियों पर काम करना पड़ता है, ऐसे में ‘विधान साथी’ उन्हें स्पष्ट और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराएगा, जिससे सदन में चर्चा अधिक प्रभावी और तथ्य आधारित हो सकेगी।
यह चैटबॉट आगामी 23 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र से उपयोग के लिए उपलब्ध होगा। यह विधायकों को बिल, कानून और नीतिगत मुद्दों पर डेटा आधारित विश्लेषण और जानकारी प्रदान करेगा। सदस्य स्क्रीनशॉट अपलोड कर तुरंत उसका विश्लेषण भी प्राप्त कर सकेंगे।
‘विधान साथी’ को इस तरह तैयार किया गया है कि यह विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमों, पुराने वाद-विवाद और समिति रिपोर्टों के आधार पर सटीक और प्रासंगिक जानकारी देता है। यह प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है और इसमें वॉइस फीचर भी शामिल है।
इसका उपयोग केवल विधानसभा के 70 विधायकों तक सीमित रहेगा और इसे सुरक्षित डिजिटल लिंक तथा क्यूआर कोड के माध्यम से आसानी से एक्सेस किया जा सकेगा।
यह पहल विधानसभा के कामकाज को अधिक डेटा आधारित, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
