वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कैमरून के याउंडे में नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे और ब्रिटेन के व्यापार नीति राज्य मंत्री क्रिस ब्रायंट से मुलाकात की। यह बैठक विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान हुई। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में गोयल ने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने डब्ल्यूटीओ में सुधार लाने, इसे प्रासंगिक और प्रभावी बनाने के लिए भारत के पूर्ण समर्थन को दोहराया। मंत्री ने संगठन के मूलभूत सिद्धांतों, विशेष रूप से सर्वसम्मति आधारित निर्णय लेने, सर्वोपरि राष्ट्र नियम आधारित व्यापार और विशेष एवं विभेदक व्यवहार को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया। गोयल ने आगे कहा कि इस अवसर पर उन्होंने वैश्विक दक्षिण की आवाज़ को बुलंद करने और अधिक समावेशी एवं न्यायसंगत बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को आकार देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
