भारतीय नौसेना का अपतटीय गश्ती पोत आईएनएस सुनायना मंगलवार को इंडोनेशिया के जकार्ता पहुंचा। यह हिंद महासागर क्षेत्र में इंडियन ओशन शिप (आईओएस सागर) पहल के तहत तैनाती के दौरान इसका तीसरा पड़ाव है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 16 मित्र देशों के बहुराष्ट्रीय दल से लैस इस पोत ने मलक्का और सिंगापुर जलडमरूमध्य से होकर परिचालन समन्वय और उच्च नौवहन मानकों का प्रदर्शन किया। अपने प्रवास के दौरान, आईएनएस सुनायना पेशेवर आदान-प्रदान, खेल आयोजनों और सामाजिक मेलजोल के माध्यम से इंडोनेशियाई नौसेना के साथ जुड़ेगी।
मंत्रालय ने आगे बताया कि प्रस्थान के समय एक पैसेज एक्सरसाइज भी आयोजित की जाएगी। यह समुद्री संबंधों को मजबूत करने और एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि आईओएस सागर भारत के महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करता है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और शांति को बढ़ावा देता है।
