नई दिल्ली, 23 अप्रैल । दिल्ली के महापौर एवं उप महापौर के पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं कांग्रेस के उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन किया। नामांकन पत्र दाखिल करने का आज अंतिम दिन था।
भाजपा की ओर से वार्ड नंबर- 53 रोहिणी ई से पार्षद एवं पूर्व नेता सदन प्रवेश वाही ने महापौर वार्ड नंबर-206 आनंद विहार से पार्षद मोनिका पंत ने उप महापौर के लिए नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस की तरफ से महापौर पद के लिए वार्ड नंबर- 234 से पार्षद जरीफ एवं उप महापौर पद के लिए वार्ड नंबर -39 से पार्षद राजेश कुमार गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने महापौर और उप महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया।
भाजपा के उम्मीदवारों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करते समय महापौर राजा इकबाल सिंह एवं स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा भी उपस्थित रही।
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति में रिक्त हुए पदों के लिए भाजपा की तरफ से वार्ड नंबर- 27 बेगमपुर से पार्षद और उप महापौर जय भगवान यादव एवं निगम की जनस्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चढ्ढा वार्ड (नंबर- 82) ने नामांकन दाखिल किया।
आम आदमी पार्टी की तरफ से स्थायी समिति में रिक्त पद के लिए जलज कुमार (वार्ड नंबर- 55) ने नामांकन दाखिल किया। महापौर एवं उप महापौर के पदों के लिए चुनाव बुधवार दिनांक 29 अप्रैल को होने वाली दिल्ली नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में किया जाएगा।
भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली की सड़कों को गढ्ढा मुक्त एवं पार्कों को हर भरा एवं सुंदर बनाएंगे। प्रवेश वाही ने कहा कि हम दिल्ली सरकार के साथ मिलकर दिल्ली को साफ स्वच्छ एवं सुंदर बनाएंगे।
उप महापौर पद की प्रत्याशी मोनिका पंत ने कहा कि भाजपा के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि महिलाओं को उनका हक दिलाने का संकल्प है जिसके अंतर्गत मुझे उप महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया है।
