सरकार ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी वितरण सामान्य रूप से जारी है और किसी भी एलपीजी वितरक के यहां आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार खाना पकाने के लिए घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को शत प्रतिशत और व्यावसायिक सिलेंडर उपभोक्ताओं को 70 प्रतिशत तक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 95 प्रतिशत एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड के माध्यम से की जा रही है। प्राकृतिक गैस के संबंध में, संयुक्त सचिव ने बताया कि लगभग 6 लाख 31 हजार नए एलपीजी कनेक्शनों को गैस से जोड़ा गया है और अतिरिक्त 2.67 लाख कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा भी तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक 6 लाख 93 उपभोक्ता एलपीजी कनेक्शनों के लिए पंजीकृत हैं। उन्होंने आगे बताया कि 49 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं ने स्वेच्छा से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। सुश्री शर्मा ने यह भी बताया कि परिचालन और खुदरा दुकानें सामान्य रूप से चल रही हैं।
बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा है कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 48 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय नाविकों को ले जा रहे किसी भी विदेशी ध्वज वाले जहाज पर भी कोई घटना नहीं हुई है। श्री शर्मा ने जानकारी दी कि जहाजरानी महानिदेशालय में स्थापित नियंत्रण केंद्र ने अब तक 8,570 कॉल और 18,732 से अधिक ईमेल संभाले हैं। उन्होंने आगे बताया कि मंत्रालय ने जहाजरानी महानिदेशालय के माध्यम से खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से 2,999 से अधिक नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिनमें पिछले 48 घंटों में 23 नाविक शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत भर में बंदरगाह संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की सूचना नहीं है।
