रायपुर । भारतीय जनता पार्टी जवाहर नगर मंडल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुधवार शाम एकात्म परिसर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की गतिविधियों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में लौह शिल्पकला विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिला उपाध्यक्ष अकबर अली और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी ने भी सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री रमेश शर्मा ने किया।
बैठक में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री द्वारा जारी निर्देशों के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के मार्गदर्शन का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के पहले सात दिनों के भीतर नियमित मंडल बैठक आयोजित की जाएगी। बूथ समितियों का गठन कर नियमित बैठकें सुनिश्चित की जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का बूथ स्तर पर सामूहिक श्रवण कराया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ाने के लिए टिफिन बैठकों को प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर भी खुशी जताई गई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्टार प्रचारकों की सराहना की। इस दौरान मिठाई और झालमुड़ी बांटकर जीत का जश्न मनाया गया।
अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्देशों का निष्ठापूर्वक पालन करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
