पश्चिमी एशिया में नाजुक युद्धविराम पर रात भर चले सैन्य तनाव के बाद गंभीर संकट मंडरा रहा है। अमेरिकी सेना ने पुष्टि की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में उसकी नौसेना पर ईरान ने मिसाइल, ड्रोन और तेज नावों से हमले किए, जिसके जवाब में उसने आने वाले खतरों को नष्ट कर दिया।
अमेरिकी नौसेना के तीन विध्वंसक पोत गोलीबारी के बीच सफलतापूर्वक जलडमरूमध्य से गुजर गए, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी जहाजों को कोई नुकसान नहीं हुआ जबकि अमेरिकी सेना ने हमलावरों को “भारी क्षति” पहुंचाई।
वाशिंगटन का कहना है कि प्रस्तावित शांति ढांचे पर तेहरान की प्रतिक्रिया का इंतजार करते हुए युद्धविराम तकनीकी रूप से अभी भी प्रभावी है।
ईरान की सेना ने कहा कि अमेरिकी बलों ने तटीय जलक्षेत्र में एक ईरानी तेल टैंकर और संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह के पास एक दूसरे जहाज को निशाना बनाया।
रणनीतिक महत्व के क़ेशम द्वीप और बंदर अब्बास के पास भी विस्फोटों की खबरें आईं, तेहरान ने दावा किया कि उसकी सेनाओं ने शत्रुतापूर्ण ठिकानों पर हमला किया। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, तेहरान के ऊपर ईरानी हवाई रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई थी।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट है कि संयुक्त अरब अमीरात ने शुक्रवार तड़के अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए तेजी से कदम उठाए।
राष्ट्रीय आपातकालीन संकट और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पुष्टि की कि स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग साढ़े छह बजे मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए यूएई की हवाई रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया गया था।
इसके अलावा, ईरान की सेना ने बताया कि अमेरिकी हमलों में दक्षिणी ईरान के कई स्थानों पर नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, एक ऐसा दावा जिसका वाशिंगटन ने सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया है।
दोनों पक्षों के परस्पर विरोधी बयान उभरते 14-सूत्रीय शांति ढांचे को जटिल बनाने वाले गहरे अविश्वास को दर्शाते हैं – एक ऐसा ढांचा जो शत्रुता को विराम देगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत और होर्मुज जलडमरूमध्य पारगमन व्यवस्था पर अंतिम वार्ता के लिए 30 दिनों की अवधि प्रदान करेगा।
रात भर हुई हिंसा के बावजूद, वाशिंगटन और तेहरान दोनों ने औपचारिक रूप से युद्धविराम के टूटने की घोषणा करने से परहेज किया है।
राजनयिक संपर्क के रास्ते खुले हैं और मध्यस्थ दोनों पक्षों के बीच प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी रखे हुए हैं। ईरान के विदेश मंत्री ने संवाद और कूटनीति का आह्वान किया है, और राष्ट्रपति ट्रम्प ने हालिया बातचीत को बहुत अच्छी वार्ता बताया है, साथ ही कहा है कि एक स्थायी समझौता अभी भी संभव है।
शुक्रवार को जैसे-जैसे घटनाक्रम आगे बढ़ेगा, यह क्षेत्र के लिए केंद्रीय प्रश्न बना रहेगा कि क्या रातोंरात बढ़ा तनाव उन वार्ताओं को और अधिक कठोर बनाएगा या उनमें तेजी लाएगा।
