30 मई । रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सिंगापुर में आयोजित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज (आईआईएसएस) के शांगरी-ला संवाद के दौरान नीदरलैंड के रक्षा मंत्री दिलन येसिलगोज़-ज़ेगेरियस के साथ द्विपक्षीय चर्चा की।
रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वार्ता में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने, सैन्य संबंधों को मजबूत करने और रक्षा औद्योगिक सहयोग के अवसरों की खोज पर ध्यान केंद्रित किया गया, जो भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।
श्री सिंह ने अपनी ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष मेघन क्विन से भी मुलाकात की और भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने आगामी उच्च स्तरीय बैठकों पर चर्चा की और आपसी हित के क्षेत्रों में रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक में, श्री सिंह ने यूरोपीय विदेश कार्रवाई सेवा की महासचिव बेलेन मार्टिनेज कार्बोनल और यूरोपीय संघ की सैन्य समिति के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एनरिको बरदुवानी से बातचीत की। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन चर्चाओं से भारत-यूरोपीय संघ के रणनीतिक संवाद को प्रगति मिली है, जिसमें साझा सुरक्षा हितों और रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को गहरा करने के अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
