सूरजपुर, 02 जून । जिले के पहाड़गांव स्थित पिलखा जलाशय में मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बोटिंग गतिविधि शुरू कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। इस पहल से समूह की महिलाओं को रोजगार का नया अवसर मिला है और उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।
समूह की अध्यक्ष सुनीता सिंह और सचिव यशोदा दास के नेतृत्व में 10 सदस्यीय महिलाओं ने पर्यटन गतिविधियों से जुड़कर बोटिंग सेवा का संचालन शुरू किया। जलाशय में आने वाले पर्यटकों के लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से बोटिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई।
समूह की अध्यक्ष सुनीता सिंह ने मंगलवार काे बताया कि शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी और तकनीकी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बोटिंग संचालन, सुरक्षा और प्रबंधन की जिम्मेदारी स्वयं संभाली और धीरे-धीरे इस गतिविधि को सफल बना दिया।
समूह अब तक बोटिंग के माध्यम से 74 हजार रुपये की आय अर्जित कर चुका है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आज समूह की महिलाएं अपने परिवार की आय में योगदान देने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह की यह पहल महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उदाहरण बनकर उभरी है। साथ ही इससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है और पिलखा जलाशय की पहचान एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो रही है।
