कांकेर, 18 जून । जिले की अंतागढ़ पुलिस ने दो दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में 200 से अधिक लोगों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए, जबकि विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों को साइबर ठगी, वित्तीय अपराधों और यातायात नियमों की व्यवहारिक जानकारी देकर जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर तथा एसडीओपी शुभम तिवारी के मार्गदर्शन में थाना अंतागढ़ पुलिस ने सामुदायिक भवन में जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किया। यातायात पुलिस कांकेर और परिवहन विभाग के सहयोग से लगाए गए दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में अंतागढ़ के साथ-साथ पखांजूर, आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा और आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। शिविर में 200 से अधिक आवेदकों के लर्निंग लाइसेंस बनाकर उन्हें प्रमाण पत्र सौंपे गए तथा सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
