हॉकी इंडिया ने आज एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की। मिडफील्डर सलीमा टेटे 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। गोलकीपर सविता और बिचु देवी खारिबाम ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है। रक्षात्मक पंक्ति में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं। मिडफील्ड की कमान कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग संभालेंगी। भारतीय फॉरवर्ड लाइन में लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग शामिल हैं। भारत को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। टीम 16 अगस्त को एम्स्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में चीन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगी।
