चांगझोऊ में चाइना ओपन बैडमिंटन में पीवी सिंधु, आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने आज दोपहर राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी उन्नति हुडा को 21-14, 9-21, 21-10 से हराकर महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। पुरुष एकल में आयुष शेट्टी ने विश्व नंबर 11 इंडोनेशियाई खिलाड़ी अल्वी फरहान को 21-17, 5-21, 21-17 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। आज शाम राउंड ऑफ 32 के एक अन्य मैच में लक्ष्य सेन ने जापानी खिलाड़ी युशी तनाका को 22-20, 15-21, 21-14 से हराया।
पुरुष युगल में, भारतीय जोड़ी एमआर अर्जुन और हरिहरन आमसकारुनन को राउंड ऑफ 32 के मैच में चीन के वांग चांग और लियांग वेइकेंग से 16-21, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा।
मिश्रित युगल में, रोहन कपूर और रूथविका शिवानी गद्दे की भारतीय जोड़ी 32वें राउंड में चीन के फेंग यान्झे और हुआंग डोंगपिंग से 9-21, 16-21 से हार गई। भारत की तनीषा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला भी चीन के गुओ से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
