सारंगढ़-बिलाईगढ़ । नगर पंचायत बिलाईगढ़ में विकास कार्यों में देरी को लेकर गुरुवार को जनता और व्यापारियों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। “बिलाईगढ़ बंद एवं चक्का जाम” के आह्वान पर बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि इंद्रा मार्केट के पास धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने अधूरे गौरव पथ निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू करने और मेन रोड से गुजरने वाली सभी बसों का बिलाईगढ़ में संचालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
CMO पर मनमानी का आरोप
धरने में शामिल लोगों ने नगर पंचायत सीएमओ सुशील चौधरी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर विकास के मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर सीएमओ की कार्यशैली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सर्वदलीय और सामाजिक संगठनों का समर्थन
बिलाईगढ़ बंद और चक्का जाम को विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा कई सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला। बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन में शामिल हुए।
पहले भी सौंपे जा चुके हैं ज्ञापन
व्यापारी संघ के अध्यक्ष और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक न तो विकास कार्यों में तेजी आई और न ही सीएमओ के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई।
5 दिन तक आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा। साथ ही बिलाईगढ़ नगर पंचायत और दोमुहानी मुख्य मार्ग पर लगातार चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
