प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से बातचीत की और उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। कल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि बातचीत के दौरान वे प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और जन-जन संबंधों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने और भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर सहमत हुए। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देश हाल ही में लागू हुए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते से प्राप्त व्यापार और निवेश के अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने के लिए भी मिलकर काम करेंगे, ताकि भारत और ब्रिटेन के लोगों की साझा समृद्धि और खुशहाली सुनिश्चित हो सके। प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
