अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सेना को ईरान पर एक और हमले की तैयारी करने का निर्देश दिया है। अमरीकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित अभियान का उद्देश्य ईरान पर आत्मसमर्पण के लिए दबाव डालना है। ये रिपोर्टें जॉर्डन में अमरीका के सैन्य ठिकाने पर हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा ईरान के साथ राजनयिक वार्ता पर सवाल उठाने और कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद आई हैं। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि अमरीका बिजली स्टेशनों और तेल रिफाइनरियों सहित ईरानी ऊर्जा सुविधाओं पर हमले करने पर विचार कर रहा है।
28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष के कारण पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है। ईरान ने बाद में होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया, जिससे कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और उर्वरकों की आपूर्ति बाधित हो गई। फारस की खाड़ी के देशों पर ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों ने भी महत्वपूर्ण आर्थिक और परिचालन व्यवधान उत्पन्न किया है।
