बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों के साथ सुरक्षा सहयोग समेत आपसी हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
सुरक्षा सहयोग रहा प्रमुख विषय
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के बीच हुई बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर फोकस रहा। बातचीत में सुरक्षा सहयोग प्रमुख विषय रहा। उच्चायुक्त त्रिवेदी ने कहा कि भारत आपसी हितों, आपसी लाभ और एक-दूसरे की संवेदनशीलताओं का सम्मान करते हुए हर क्षेत्र में लोगों को केंद्र में रखकर सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है। दोनों पक्षों ने भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान से भी की मुलाकात
इससे पहले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश की सरकार और यहां के लोगों के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर मिलकर काम करना चाहता है। दोनों पक्षों ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के संभावित तरीकों पर चर्चा की। बातचीत में लोगों को केंद्र में रखने वाले दृष्टिकोण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सहयोग का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का निमंत्रण
भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। यह निमंत्रण उन्हें बिम्सटेक (बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में दिया गया है।
