नई दिल्ली, 12 अगस्त । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को रोहिणी सेक्टर-8 क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, गौरव और हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण होता है।
उन्होंने कहा कि हाथों में तिरंगा और हृदय में भारत के प्रति गर्व यही भावना हमें अपने वीरों के बलिदान को सदैव याद रखने तथा राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और स्वतंत्रता के इस महोत्सव को पूरे उत्साह, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं।
महापौर ने दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनें। तिरंगा हमें अपने राष्ट्र के प्रति प्रेम, समर्पण और कर्तव्य का निरंतर स्मरण कराता है।
