कोलकाता, 13 अगस्त । डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार ने उनके जीवन और योगदान को स्कूल से विश्वविद्यालय स्तर तक पाठ्यक्रम में शामिल करने का बड़ा फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नवान्न में आयोजित विशेष समिति की पहली बैठक के बाद इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूल शिक्षा विभाग की पहल पर पाठ्यक्रम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और उनके बलिदान से जुड़ा अध्याय शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचार और उनके बलिदान को लंबे समय तक पर्याप्त रूप से सामने नहीं लाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे राजनीतिक कारण रहे हैं। अब राज्य सरकार उनके योगदान को समाज के हर स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर राज्य सरकार ने पूरे वर्ष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इसी सिलसिले में उनके जीवन और कार्यों से जुड़े फैसले लेने के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है। गुरुवार को समिति की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी और उनके आत्मबलिदान को स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा उनके जीवन पर अलग से पुस्तक भी प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिस संस्था से कभी जुड़े रहे थे, उसकी पहल पर तथागत राय के प्रयास से एक पुस्तक तैयार की गई है। राज्य सरकार की इच्छा है कि संबंधित संस्था के साथ मिलकर उस पुस्तक का प्रकाशन किया जाए। इसके साथ ही राज्य के पुस्तकालय विभाग को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विस्तृत जीवनी पर एक अलग पुस्तक तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
यह पुस्तक बंगाली और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में प्रकाशित की जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इसका काम इस वर्ष के भीतर पूरा हो जाएगा।
सरकार ने हुगली के जीराट में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास के संरक्षण और पुनरुद्धार का काम भी शुरू किया है। वहां स्थित पुस्तकालय का विकास किया जाएगा। इसके अलावा उनके जीवन और योगदान से संबंधित एक संग्रहालय भी तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को इसकी जानकारी दोहराते हुए कहा कि सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है।
