रायपुर, 18 अगस्त । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था के कारण बच्चे परेशान हैं और स्कूलों में शिक्षकों तथा भवनों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
दीपक बैज ने कहा कि, प्रदेश के कई स्कूलों में शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थी आंदोलन करने को मजबूर हैं। धमतरी के बारना स्कूल में पांच विषयों के शिक्षक नहीं होने पर छात्राओं द्वारा स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किए जाने का उन्होंने उल्लेख किया। इसी तरह बालोद के झिरिया टोला में भी बच्चे शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। धमधा में स्कूल भवन की मांग को लेकर विद्यार्थियों के विरोध का हवाला देते हुए बैज ने कहा कि प्रदेशभर में किताबों और शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति अब असहनीय हो गई है। राजधानी में महिला की हत्या और उसके शव के साथ दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बैज ने कहा कि, कुछ समय पहले एक महिला के साथ एक ही दिन में दो बार सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई। वहीं, राजनांदगांव के चिखली में घर में घुसकर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि, रायपुर में लागू कमिश्नरी सिस्टम पूरी तरह विफल साबित हुआ है। बैज ने दावा किया कि प्रदेश में प्रतिदिन हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, जबकि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को फोटोसेशन से फुर्सत नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है।
