भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए जारी यात्रा परामर्श की समीक्षा करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।
दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे अमेरिकी राजदूत
गोर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को श्रीनगर पहुंचे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा और बेहद खूबसूरत जगह है।
गोर ने बताया, “अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर इनकी समीक्षा भी करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस मुद्दे पर विचार जरूर करेंगे।”
उन्होंने कहा कि नई दिल्ली, मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र को और सुरक्षित बनाने के लिए बेहतरीन कदम उठाए हैं। इसलिए यात्रा चेतावनी के स्तर को कम करने पर विचार किया जाएगा, क्योंकि यह एक खूबसूरत जगह है और कई अमेरिकी यहां आकर इसकी सुंदरता और अवसरों का दीदार करना चाहेंगे।
मुख्यमंत्री से गर्मजोशी भरी मुलाकात
श्रीनगर पहुंचते ही गोर ने मुख्यमंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा, “मैं यहां आकर बहुत उत्साहित हूं। हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। कुछ मुद्दे हैं जिन्हें हम वाशिंगटन और नई दिल्ली के समक्ष उठाने की उम्मीद करते हैं। यह बहुत गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण बैठक थी। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।”
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर बृहस्पतिवार को लद्दाख का दौरा करेंगे।
उमर अब्दुल्ला ने की बैठक की तारीफ
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने राजदूत के साथ नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच संबंधों पर चर्चा की, जिसमें जम्मू-कश्मीर पर विशेष ध्यान दिया गया। “यह बहुत अच्छी बैठक थी। हमें दोनों देशों के संबंधों पर बात करने का मौका मिला। कुछ पुरानी समस्याएं हैं, जिन्हें समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे। लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।” मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच संबंध और अधिक व्यापक तथा मजबूत होंगे।
