संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव अमीना मोहम्मद इस महीने के अंत में भारत पहुंचेंगी। 26 से 28 अगस्त तक की इस यात्रा के दौरान वह नई दिल्ली में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी और संयुक्त राष्ट्र-भारत सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगी।
चीन और मंगोलिया के बाद भारत का दौरा
अमीना मोहम्मद इस सप्ताह पहले चीन जाएंगी, जहां बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कृत्रिम मेधा (एआई) और मानव विकास पर तीसरे संवाद की अध्यक्षता करेंगी। इसके बाद 23 अगस्त को महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रतिनिधि के रूप में मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर पहुंचेंगी। वहां वे मरुस्थलीकरण से निपटने संबंधी संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीसीडी सीओपी-17) के 17वें सत्र में हिस्सा लेंगी। मंगोलिया से न्यूयॉर्क लौटते समय वे भारत आएंगी।
दिल्ली में सहयोग और सतत विकास पर चर्चा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भारत यात्रा के दौरान अमीना मोहम्मद नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र-भारत सहयोग और सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका पर विस्तार से बातचीत होगी।
आईआईटी के छात्रों से मुलाकात भी
यात्रा के दौरान अमीना मोहम्मद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के छात्रों से भी मिलेंगी। वे सतत विकास लक्ष्यों के समर्थन में डिजिटल नवोन्मेष के इस्तेमाल की संभावनाओं और चुनौतियों पर छात्रों के साथ विचार-विमर्श करेंगी। अमीना मोहम्मद इससे पहले जुलाई 2023 में भारत आई थीं। जनवरी 2022 में संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव के रूप में दूसरे कार्यकाल की नियुक्ति के बाद वह उनकी भारत की पहली यात्रा थी। उस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की थी और बेंगलुरु का दौरा भी किया था।
